Skip to content

हमालपारा में उठाईगिरी का खुलासा: 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार, पूरी रकम बरामद

खरसिया, 13 फरवरी 2026।

रायगढ़ पुलिस ने खरसिया थाना क्षेत्र के हमालपारा में मोटरसाइकिल के हैंडल में टंगे नगदी से भरे थैले की उठाईगिरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8,000 रुपये नगद, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित पूरा मशरूका बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी विनोद अग्रवाल, निवासी जवाहर कॉलोनी खरसिया, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 फरवरी 2026 की रात लगभग 9:30 बजे वह हमालपारा स्थित दुकान के सामने मोटरसाइकिल खड़ी कर बैग व थैला हैंडल में टांगकर दुकान के अंदर गए थे। लौटने पर बैग व थैला गायब मिला, जिसमें 8-9 हजार रुपये नगद एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। मामले में अपराध क्रमांक 54/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए राजू महंत (35 वर्ष) और अंकित वैष्णव (27 वर्ष), दोनों निवासी हमालपारा तालाब पार खरसिया, को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपी राजू महंत से 4,000 रुपये नगद एवं काला बैग जिसमें प्रार्थी के दस्तावेज थे, जबकि अंकित वैष्णव से 4,000 रुपये नगद व थैला बरामद किया गया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर पुलिस की सतत निगरानी है और ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर अपने सामान की सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की गई है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri