Skip to content

✈️रायपुर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, इंडिगो फ्लाइट की रफ लैंडिंग से मची अफरा-तफरी

भोपाल से रायपुर आ रही फ्लाइट रनवे छूते ही उछली, 38 मिनट देरी से सुरक्षित लैंडिंग

रायपुर- छत्तीसगढ़ की राजधानी स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर शनिवार (14 फरवरी) को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। भोपाल से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 7302 रनवे पर टच करते ही अचानक उछल गई। हालांकि पायलट की सूझबूझ और अनुभव से विमान को दोबारा नियंत्रित कर सुरक्षित लेकिन रफ लैंडिंग कराई गई।

निर्धारित समय दोपहर 2:40 बजे था, लेकिन पूरी प्रक्रिया में 38 मिनट अतिरिक्त लगे और विमान 3:18 बजे सुरक्षित उतरा।

यात्रियों में दहशत, दो झटकों से मचा हड़कंप

फ्लाइट में मौजूद यात्रियों के अनुसार, जैसे ही विमान ने रनवे को छुआ, तेज झटका लगा और विमान दोबारा हवा में उठ गया। इस दौरान विमान में बैठे यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सेकेंड अटेम्प्ट में रफ लैंडिंग होने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

यात्रियों ने बताया कि फ्लाइट भोपाल से दोपहर 1:29 बजे रवाना हुई थी और समय पर रायपुर पहुंच गई थी, लेकिन लैंडिंग के दौरान आई तकनीकी या मौसम संबंधी स्थिति के कारण यह घटनाक्रम हुआ। हालांकि सभी यात्री सुरक्षित हैं।

भोपाल जाने वाली फ्लाइट रद्द

इस घटना के बाद रायपुर से भोपाल जाने वाली इंडिगो की अगली फ्लाइट पहले लेट की गई और बाद में उसे रद्द कर दिया गया। इससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।

एयरपोर्ट प्रबंधन ने घटना से किया इनकार

इस पूरे मामले में एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। एयरपोर्ट डायरेक्टर ने मीडिया से बातचीत में ऐसी किसी घटना से इनकार किया और कहा कि जानकारी यात्रियों से ही ली जानी चाहिए।घटना ने एक बार फिर विमानन सुरक्षा व्यवस्था और रनवे लैंडिंग प्रोटोकॉल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, हालांकि समय रहते पायलट की सजगता ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri