Skip to content

होली पर हाई अलर्ट: रायगढ़ में ड्रोन से निगरानी, 400 पुलिस जवान तैनात जीरो टॉलरेंस नीति लागू

रायगढ़। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए रायगढ़ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। आगामी 48 घंटों के लिए जिले को अलर्ट मोड पर रखा गया है। हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के लिए शहर के चप्पे-चप्पे पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई के लिए नया रिस्पॉन्स मैकेनिज्म तैयार किया गया है। व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से पुलिस पेट्रोलिंग टीमों को भीड़ की लाइव लोकेशन साझा की जाएगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बल मौके पर पहुंच सके। कंट्रोल रूम में विशेष मॉनिटरिंग सेटअप स्थापित किया गया है, जहां एक्सपर्ट टीम सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन फुटेज पर नजर रखेगी।

शहर में 16 चेकिंग पॉइंट और दर्जनों फिक्स पिकेट लगाए गए हैं। तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सादी वर्दी में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं, जो छेड़खानी और उत्पात की घटनाओं पर निगरानी रखेंगे।

नदी, डेम और पार्क क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी तथा होली के दिन इन स्थानों पर जाने पर प्रतिबंध रहेगा। शांति समिति के साथ समन्वय के लिए अलग से व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है, जिससे सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि होली शालीनता और सौहार्द्र के साथ मनाई जाए। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि उपद्रवियों की होली जेल में भी मन सकती है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri