Skip to content

सेक्टर स्तरीय खो-खो पुरुष प्रतियोगिता में चमका जानकी कॉलेज, बना विजेता

रायगढ़।शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय से संबद्ध जानकी कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन धनुहारडेरा में 19 फरवरी को आयोजित सेक्टर स्तरीय खो-खो पुरुष प्रतियोगिता में मेजबान कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। छत्तीसगढ़ शासन उच्च शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया।

मां सरस्वती पूजन और राज्यगीत के साथ शुभारंभ

प्रतियोगिता का शुभारंभ कॉलेज चेयरमैन शिरीष सारडा ने मां सरस्वती के पूजन एवं राज्यगीत “अरपा पैरी के धार” के सामूहिक गायन के साथ किया। प्राचार्य डॉ. गजेंद्र चक्रधारी ने बताया कि खेल का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का विकास करना है। डायरेक्टर श्रीमती तृप्ति अग्रवाल ने प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

रोमांचक मुकाबलों के बाद फाइनल में दबदबा

पहले मुकाबले में शासकीय केजी कॉलेज रायगढ़ नेशासकीय महात्मागांधी कॉलेज खरसिया को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में जानकी कॉलेज ने अनंत महाविद्यालय रायगढ़ को हराकर निर्णायक मुकाबले में प्रवेश किया।

फाइनल में जानकी कॉलेज और केजी कॉलेज के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, लेकिन मेजबान टीम ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक रणनीति के दम पर केजी कॉलेज को बड़े अंतर से हराकर 2025-26 की सेक्टर स्तरीय खो-खो पुरुष प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

प्रतियोगिता के उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का ट्रायल लिया गया, जिसमें जानकी कॉलेज के अधिक खिलाड़ियों का चयन हुआ। चयनित खिलाड़ी 23 और 24 फरवरी 2026 कोशासकीय लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबागढ़ चौकी में आयोजित राज्य स्तरीय खो-खो पुरुष प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

आयोजन में इनकी रही विशेष भूमिका

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न महाविद्यालयों के क्रीड़ा प्रभारी, प्राध्यापकगण एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। रेफरी के रूप में रजनीश सिंह, किशन गुप्ता और निमाई ने जिम्मेदारी निभाई।

इस आयोजन ने न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया, बल्कि जिले में खेल संस्कृति को भी नई ऊर्जा दी। अब सभी की नजर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता पर टिकी है, जहां रायगढ़ की टीम अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri