Skip to content

सुशासन तिहार फेल, स्वास्थ्य व्यवस्था वेंटिलेटर पर; सरकार सिर्फ प्रचार में व्यस्त : दीपक बैज

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि प्रदेश में सुशासन का दावा पूरी तरह खोखला साबित हो रहा है। एक ओर स्वास्थ्य व्यवस्था वेंटिलेटर पर नजर आ रही है, वहीं दूसरी ओर सरकार सुशासन तिहार के नाम पर केवल प्रचार और आयोजन में व्यस्त है।

दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में नकली दवाइयों, सिरप और जांच किटों के लगातार सामने आ रहे मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि आम जनता के जीवन से जुड़े इतने संवेदनशील विषय पर सरकार की निष्क्रियता चिंताजनक है। अस्पतालों में मरीजों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, डॉक्टरों और संसाधनों की कमी बनी हुई है तथा लोगों को उपचार के लिए लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। नकली दवाओं और चिकित्सा सामग्री के मामलों ने यह साबित कर दिया है कि स्वास्थ्य व्यवस्था पर सरकार का नियंत्रण कमजोर पड़ गया है।

सुशासन तिहार को लेकर भी बैज ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जनता की समस्याओं के समाधान का मंच बनने के बजाय सरकारी प्रचार का माध्यम बन गया है। गांवों और शहरों में लोग आज भी सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और राजस्व संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार उत्सवधर्मिता में व्यस्त है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सुशासन तिहार के आयोजन के लिए ग्राम पंचायतों से चंदा वसूले जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि पंचायतों के विकास कार्यों के लिए मिलने वाली राशि या संसाधनों का उपयोग ऐसे आयोजनों में किया जा रहा है, तो यह ग्रामीण विकास के साथ अन्याय है। सरकार को इस मामले में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और आयोजन पर हुए खर्च का पूरा विवरण सार्वजनिक करना चाहिए।

बैज ने कहा कि प्रदेश की जनता बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, सुरक्षित दवाइयां और अपनी समस्याओं का समाधान चाहती है, लेकिन सरकार केवल प्रचार और आयोजनों में व्यस्त दिखाई दे रही है। उन्होंने मांग की कि नकली दवाओं के मामलों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाएं तथा सुशासन तिहार पर हुए खर्च और पंचायतों से चंदा वसूली के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों से जुड़े इन मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य तथा अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने देगी।

https://www.facebook.com/share/v/18xqUgDrjw/?mibextid=wwXIfr

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena