Skip to content

सुशासन तिहार: झगरपुर शिविर में महिला समूहों के उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र

लैलूँगा । रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड अंतर्गत ग्राम झगरपुर में आयोजित सुशासन तिहार का जनसमस्या निवारण शिविर महिलाओं की आत्मनिर्भरता और ग्रामीण आजीविका का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया। शिविर में विभिन्न स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे, जहां स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को ग्रामीणों ने खूब सराहा। महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की गुणवत्ता और पारंपरिक पहचान ने उपस्थित जनसमुदाय का विशेष ध्यान खींचा।

शिविर में आस्था स्व-सहायता समूह भेड़ीमुड़ा द्वारा तैयार आम का अचार, ज्योति स्व-सहायता समूह द्वारा मिक्चर, वहीं सलोनी एवं रोशनी स्व-सहायता समूह ग्राम पंचायत रेगड़ी द्वारा हल्दी, शुद्ध घी तथा बांस की टोकरियों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया। इन उत्पादों की बिक्री से महिला समूहों को आय अर्जित करने का अवसर मिला और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली। स्थानीय संसाधनों से तैयार उत्पादों ने यह साबित किया कि ग्रामीण महिलाएं अब स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान आजीविका गतिविधियों से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं को सम्मान पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस सम्मान से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा और उन्हें आगे भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिली। शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने महिला समूहों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक परिवर्तन का आधार बन रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा महतारी वंदन योजना, बिहान योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। इन योजनाओं से प्रेरित होकर महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हैं और परिवार के साथ-साथ समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri