Skip to content

‘सुशासन की अफीम’ पर सियासी घमासान: 10 एकड़ में अफीम खेती के आरोप पर भूपेश बघेल का हमला, भाजपा नेता विनायक ताम्रकार निलंबित

दुर्ग । पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अफीम की कथित अवैध खेती के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उन्होंने इसे “सुशासन की अफीम” करार दिया और भाजपा पर गंभीर सवाल खड़े किए। इस मामले में भाजपा किसान मोर्चा से जुड़े नेता विनायक ताम्रकार का नाम सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।

10 एकड़ में अफीम की खेती का आरोप

जानकारी के अनुसार समोद गांव में करीब 10 एकड़ जमीन पर अफीम की अवैध खेती किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि यह खेती भाजपा किसान मोर्चा से जुड़े नेता विनायक ताम्रकार के खेत में की जा रही थी। इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध खेती को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की।

भूपेश बघेल का तंज-सुशासन की अफीम’

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रदेश में “सुशासन” का दावा किया जा रहा है, लेकिन जमीन पर “सुशासन की अफीम” उगाई जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह पूरा “प्रोजेक्ट” भाजपा किसान मोर्चा का है या फिर मंत्रियों का।

रसूखदार होने के आरोप, बड़े नेताओं से संबंध की चर्चा

भूपेश बघेल ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि विनायक ताम्रकार इलाके के प्रभावशाली व्यक्ति बताए जाते हैं और उनका उठना-बैठना बड़े अधिकारियों और मंत्रियों के साथ बताया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री निवास तक में उनके आने-जाने की चर्चा होती रही है।

भाजपा की कार्रवाई: विनायक ताम्रकार निलंबित

विवाद बढ़ने के बाद किरण सिंह देव के निर्देश पर भारतीय जनता पार्टी ने विनायक ताम्रकार को पार्टी से निलंबित कर दिया है। पार्टी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

प्रदेश की राजनीति में बढ़ी हलचल


इस पूरे घटनाक्रम के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। एक ओर कांग्रेस नेता इस मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोल रहे हैं, वहीं भाजपा की ओर से भी मामले में आगे कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ा वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है और मामला राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena