Skip to content

साइकिल से गिरकर घायल युवक की मौत

पत्थर से सिर टकराने के बाद बिगड़ी हालत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

रायगढ़। जिले में एक दर्दनाक हादसे में साइकिल से गिरकर घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे गिरने से उसका सिर पत्थर से टकरा गया था, जिससे गंभीर अंदरूनी चोट आई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम रावण खोंधरा निवासी विदेशी चौहान (36 वर्ष) 7 फरवरी को अपने 10 वर्षीय बेटे के साथ पड़ोसी गांव नवापारा में एक सरपंच के घर दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने साइकिल से गया था। दोपहर में भोजन के बाद दोनों पिता-पुत्र साइकिल से घर लौट रहे थे।

दोपहर करीब एक बजे नवापारा तालाब के पास साइकिल अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क किनारे गिर पड़े। बेटे को मामूली खरोंच आई, लेकिन विदेशी चौहान का सिर पास पड़े पत्थर से जोर से टकरा गया, जिससे वह मौके पर ही अचेत हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुटकापुरी पहुंचाया। वहां प्रारंभिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई गई और वह घर लौट आया।

कुछ दिनों तक वह सामान्य रूप से अपने कामकाज में लगा रहा, लेकिन 17 फरवरी को अचानक उसके सिर में तेज दर्द शुरू हुआ। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे पुसौर अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए रायगढ़ रेफर कर दिया। उसे मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान बुधवार दोपहर करीब एक बजे उसकी मौत हो गई।

अस्पताल से मिली तहरीर के आधार पर चक्रधर नगर थाना पुलिस ने गुरुवार को मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया।

इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सिर पर चोट को हल्के में न लेने की आवश्यकता को रेखांकित किया है। प्रारंभ में सामान्य दिखने वाली चोट भी बाद में गंभीर रूप ले सकती है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri