Skip to content

समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर भुगतान सुनिश्चित करें एजेंसी: कलेक्टर

निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा, पीएम जनमन के कार्य मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश

कोरबा, 20 फरवरी 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज पीएमजीएसवाय, लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं पीडब्ल्यूडी-सेतु के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में स्वीकृत सड़क, पुल-पुलिया और भवन निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि बारिश से पहले सभी स्वीकृत कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाकर उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।

पीएम जनमन के कार्य मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) क्षेत्रों विशेषकर पहाड़ी कोरवा और बिरहोर परिवारों के ग्रामों में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने दूरस्थ गांवों तक सड़क पहुंचाने के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए मार्च माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। ग्राम गौरव पथ एवं डीएमएफ अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को भी मार्च तक पूर्ण करने पर जोर दिया।

गुणवत्ता और नियमित मॉनिटरिंग पर बल

बैठक में स्पष्ट किया गया कि कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी और सब इंजीनियर निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें। साइट का दौरा कर गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करें तथा लापरवाही पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करें। कार्य पूर्ण होने के बाद उपयोगिता एवं पूर्णता प्रमाण पत्र लेकर संबंधित विभाग को हैंडओवर करने के निर्देश भी दिए गए।

लापरवाह ठेकेदारों पर कार्रवाई, समय पर भुगतान

कलेक्टर ने कार्य लेकर रुचि नहीं दिखाने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, कार्य समय पर पूर्ण करने वाले ठेकेदारों को नियमानुसार शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बिल प्रस्तुत होने के बाद परीक्षण कर भुगतान में अनावश्यक विलंब न किया जाए।

पुल-पुलिया निर्माण की समीक्षा

पीडब्ल्यूडी ब्रिज के अंतर्गत निर्माणाधीन पुलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कोड़ियाघाट-झोरा पुल का कार्य 15 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सर्वमंगला मंदिर के समीप हसदेव नदी पर प्रस्तावित उच्च स्तरीय पुल, दीपका-जवाली-चाकाबुड़ा मार्ग, गुंजन नाला, लेमरू-श्यांग, दर्री-बेलगिरीनाला और लीलागर नदी पर निर्माणाधीन पुलों की प्रगति की जानकारी ली। शहर के सुनालिया मार्ग पर पुल निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए।

मिशन मोड में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

कलेक्टर श्री दुदावत ने छोटे-छोटे कार्यों को मिशन मोड में अप्रैल-मई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। डीएमएफ अंतर्गत पुराने एवं अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने तथा भूमि विवादों का समन्वय से निराकरण कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को शासन निर्देशानुसार मंगलवार एवं बुधवार को कार्यालय में उपस्थित रहकर आम जनता से मुलाकात करने के भी निर्देश दिए।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूर्ण कराए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena