Skip to content

सड़क दुर्घटना राहत को लेकर बड़ा कदम

रायगढ़ में पीएम कैशलेस और राहवीर योजना पर विशेष प्रशिक्षण, गोल्डन ऑवर में उपचार पर जोर

रायगढ़, 17 फरवरी 2026। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर सोमवार को कलेक्टोरेट के सृजन सभाकक्ष में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित और प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री राहत कैशलेस उपचार योजना और राहवीर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीयसूचना विज्ञान (एनआईसी) के तकनीकी निदेशक श्री अरविंद यादव ने किया।

⏱️ गोल्डन ऑवर में मिलेगा कैशलेस उपचार

प्रशिक्षण के दौरान प्रधानमंत्री राहत कैशलेस उपचार योजना के उद्देश्य और प्रमुख प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। योजना का मुख्य लक्ष्य सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को गोल्डन ऑवर के भीतर त्वरित और निर्बाध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

योजना के तहत:

सूचीबद्ध चिकित्सालयों में कैशलेस उपचार की सुविधा आर्थिक बाधा के बिना आपातकालीन इलाज डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पारदर्शी डेटा प्रबंधन सत्यापन एवं उपचार प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने पर विशेष बल

इससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि गंभीर परिस्थितियों में भी मरीज को समय पर आवश्यक चिकित्सा सहायता प्राप्त हो।

राहवीर योजना: मददगारों को मिलेगा सम्मान

प्रशिक्षण सत्र में राहवीर योजना के सामाजिक और मानवीय पहलुओं पर भी प्रकाश डाला गया। योजना का उद्देश्य दुर्घटना स्थल पर घायल व्यक्तियों की सहायता करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करना है।

इसके अंतर्गत:

घायल को अस्पताल पहुँचाने या त्वरित सहायता देने वाले नागरिकों को शासन द्वारा निर्धारित प्रोत्साहन राशि सम्मान और सामाजिक मान्यता

यह पहल समाज में संवेदनशीलता, साहस और सहयोग की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

डिजिटल सिस्टम और तकनीकी प्रशिक्षण

सत्र के दौरान आईआरडी एवं ईडार प्रणाली, सीटीराव फ्लो, डेटा एंट्री वर्कफ्लो तथा दुर्घटना डेटा प्रबंधन से जुड़े तकनीकी और कार्यात्मक पहलुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। खुली चर्चा और समस्या समाधान सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर ईडार परियोजना से संबंधित राज्य रोलआउट प्रबंधक श्री शरांश शिर्के, जिला रोलआउट प्रबंधक श्री दुर्गा प्रसाद प्रधान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल जगत, जिला परिवहन अधिकारी श्री अमित प्रकाश कश्यप, डीएसपी ट्रैफिक श्री उत्तम सिंह, एनआईसी के जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री अंशुल कुमार देवांगन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रमुख हितधारक उपस्थित रहे।

साथ ही जिले के सभी निजी प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत सूचीबद्ध चिकित्सालयों के प्रतिनिधि और सड़क दुर्घटना प्रकरणों से जुड़े जांच अधिकारी भी प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से शामिल हुए।

प्रशासन का संदेश

प्रशासन का स्पष्ट संदेश है सड़क दुर्घटना में एक भी जान सिर्फ आर्थिक कारणों या देरी के कारण नहीं जानी चाहिए।इस प्रशिक्षण के माध्यम से जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक संवेदनशील, त्वरित एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri