Skip to content

शेयर बाजार की रफ्तार थमी: सेंसेक्स 1236 अंक लुढ़का, निवेशकों के ₹7.55 लाख करोड़ डूबे

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीन दिनों से जारी तेजी पर आज अचानक ब्रेक लग गया। फाइनेंशियल, मेटल, ऑटो और एफएमसीजी सेक्टर में भारी बिकवाली के चलते बाजार में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। दिनभर उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद बाजार लाल निशान में बंद हुआ।

कारोबार के दौरान BSE Sensex करीब 1,400 अंक तक टूट गया था। अंततः सेंसेक्स 1,236.11 अंक यानी 1.48% की गिरावट के साथ 82,498.14 अंक पर बंद हुआ। वहीं NSE nifty भी 365 अंक यानी 1.41% फिसलकर 25,454.35 अंक पर आ गया।

सेक्टरों में भारी बिकवाली

बाजार में गिरावट की मुख्य वजह बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में दबाव रहा। इसके अलावा मेटल, ऑटो और एफएमसीजी कंपनियों में भी निवेशकों ने मुनाफावसूली की। वैश्विक बाजारों के कमजोर संकेत और विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया।

निवेशकों को बड़ा झटका

गिरावट का असर बाजार पूंजीकरण पर भी साफ दिखाई दिया। Bombay stock exchange (बीएसई) का कुल मार्केट कैप 7.55 लाख करोड़ रुपये घटकर 464 लाख करोड़ रुपये रह गया। एक ही दिन में निवेशकों की बड़ी संपत्ति स्वाहा हो गई।

विश्लेषकों का कहना है कि हालिया तेजी के बाद बाजार में मुनाफावसूली स्वाभाविक थी, लेकिन वैश्विक अनिश्चितताओं और घरेलू कारकों के कारण दबाव बढ़ा। अब निवेशकों की नजर आने वाले आर्थिक आंकड़ों और वैश्विक संकेतों पर रहेगी।

फिलहाल बाजार की चाल ने यह संकेत दे दिया है कि आने वाले दिनों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

Screenshot

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri