Skip to content

शिवाजी जयंती पर कुनबी समाज की भव्य शोभायात्रा, प्रतियोगिताओं व सम्मान समारोह में उमड़ा जनसैलाब

रायपुर।छत्रपति शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती के अवसर पर कोटा स्थित कुनबी समाज भवन में शनिवार को भव्य और गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। सामाजिक स्वरूप में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के महिला-पुरुष, युवा और बच्चों की बड़ी भागीदारी रही। पूरा परिसर भगवा ध्वज, पुष्प सज्जा और आकर्षक अलंकरण से सुसज्जित था, जिससे उत्सव का वातावरण निर्मित हो गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समाज के वरिष्ठजनों ने अपने उद्बोधन में शिवाजी महाराज के अदम्य साहस, स्वाभिमान, सुशासन और राष्ट्रनिष्ठा पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि शिवाजी महाराज केवल पराक्रमी योद्धा ही नहीं, बल्कि दूरदर्शी प्रशासक और जननायक भी थे, जिनकी नीतियां आज भी प्रासंगिक हैं।

प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह

महोत्सव के दौरान रंगोली, निबंध लेखन और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। फैंसी ड्रेस में कई नन्हे प्रतिभागियों ने शिवाजी महाराज का स्वरूप धारण कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शिवाजी महाराज के जीवन प्रसंगों, उनके पराक्रम और आदर्श शासन व्यवस्था पर अपने विचार व्यक्त किए। विजेताओं को स्मृति चिह्न एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

ढोल-ताशों के बीच निकली शोभायात्रा

कार्यक्रम के उपरांत भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो कुनबी समाज भवन से प्रारंभ होकर जगन्नाथ चौक, मोहबा बाजार और राम दरबार मार्ग से होते हुए पुनः समाज भवन पहुंची। ढोल-ताशों की गूंज, भगवा पताकाएं और शिवाजी महाराज के जयघोष से पूरा क्षेत्र उत्सवमय हो उठा। समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए, जिससे शोभायात्रा की भव्यता और भी बढ़ गई।

इस आयोजन ने न केवल शिवाजी महाराज के आदर्शों को स्मरण कराया, बल्कि समाज में एकता, संस्कृति और राष्ट्रगौरव की भावना को भी सुदृढ़ किया।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena