Skip to content

शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

रायगढ़। जिले में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। शादी से मुकरने पर पीड़िता ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला महिला थाना क्षेत्र का है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि अप्रैल 2024 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से सरिया निवासी सूरज उर्फ सूर्यकांत से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया और भरोसा दिलाया। आरोप है कि 20 अक्टूबर 2025 को आरोपी युवती के घर पहुंचा और जबरन शारीरिक संबंध बनाया। विरोध करने पर उसने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी।

इसके बाद नवंबर 2025 में आरोपी युवती को रायपुर अपने एक रिश्तेदार के घर ले गया, जहां दो दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार, जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और अंततः 5 मार्च को शादी से साफ इंकार कर दिया।

पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3) और 69 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी सूरज उर्फ सूर्यकांत (34 वर्ष) को उसके निवास स्थान सरिया से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena