Skip to content

वेल्डिंग की चिंगारी बनी आफत: ट्रेलर में लगी भीषण आग, पास खड़ी 407 भी चपेट में

रायगढ़। रायगढ़ जिला मुख्यालय में मंगलवार शाम एक गैरेज में वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। महमाया मंदिर के पास स्थित एक गैरेज में खड़े ट्रेलर में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में खड़ी एक 407 वाहन भी उसकी चपेट में आ गई।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब 7 बजे रायगढ़–घरघोड़ा मार्ग पर स्थित गैरेज में रोजाना की तरह वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग से निकली चिंगारी ट्रेलर में जा गिरी और कुछ ही पलों में उसमें आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और ट्रेलर धू-धूकर जलने लगा।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास में खड़ी एक अन्य 407 वाहन भी आग की चपेट में आ गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मी काफी देर तक मशक्कत करते रहे। फिलहाल आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है।

इस आगजनी की घटना में कितने का नुकसान हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर दोनों वाहनों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri