Skip to content

विकसित छत्तीसगढ़ के लिए सामाजिक एकता जरूरी: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायगढ़, 1 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए सभी समाजों का सहयोग अनिवार्य है। यह बात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ के बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में आयोजित ‘उत्कल दिवस एवं वार्षिकोत्सव स्नेह सम्मेलन’ में कही। उन्होंने स्वयं को अतिथि नहीं, बल्कि परिवार का सदस्य बताते हुए जनता के स्नेह और विश्वास के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान जगन्नाथ स्वामी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और ‘वंदे उत्कल जननी’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ और ओडिशा के ऐतिहासिक संबंधों को रेखांकित करते हुए ‘रोटी-बेटी’ के रिश्ते को सदियों पुराना बताया। उन्होंने जशपुर, देवभोग-गरियाबंद जैसे क्षेत्रों में ओड़िया संस्कृति की झलक और प्रदेशभर में रथ यात्राओं की परंपरा का विशेष उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने समाज की बहुप्रतीक्षित ‘सुविधा’ पत्रिका का विमोचन किया, जिसमें समाज के रीति-रिवाज, उपलब्धियां और संपर्क विवरण शामिल हैं। इस अवसर पर उन्होंने जगन्नाथ रथ यात्रा के आयोजन के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा की और मंदिर जीर्णोद्धार सहित अन्य मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटी के तहत प्रदेश में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 8 लाख पूरे हो चुके हैं। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ दिया जा रहा है। साथ ही रामलला दर्शन योजना के माध्यम से हजारों श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर भगवान रामजी के दर्शन कर चुके हैं।

नक्सलवाद के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सुरक्षा बलों की कार्रवाई से बस्तर क्षेत्र में शांति स्थापित हो रही है। ‘नियद नेल्लानार’ योजना के तहत वहां सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। साथ ही युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया अपनाई जा रही है और ई-ऑफिस सिस्टम से भ्रष्टाचार पर नियंत्रण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि धर्मांतरण के विरुद्ध कड़े कानून लागू किए गए हैं, जिससे अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा। उन्होंने बताया कि राज्य में वन एवं खनिज संपदा के बेहतर उपयोग से स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही ‘बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026’ के तहत उपभोक्ताओं को बकाया बिल में राहत और आसान किस्तों की सुविधा दी जा रही है।

कार्यक्रम में समाज की 8 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया, जिनमें श्रीतनु गुरु, अजय गुप्ता, डॉ. रोशन कुमार होता, कु. उन्नति मिश्रा, अपूर्वा गुरु, अनन्या गुरु, नंद किशोर सतपथी और निशांत नामदेव शामिल हैं। अंत में मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena