Skip to content

लव मैरिज और ‘सेक्सुअल प्रॉब्लम’ के नाम पर ठगी! ट्रेन के टॉयलेट में पोस्टर चिपकाने वाला ‘बंगाली बाबा’ गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ में भी ऐसी कार्रवाई की जरूरत

मुंबई। रेलवे डिब्बों और परिसरों में “मनचाहा प्यार”, “लव मैरिज” और “सेक्सुअल समस्याएं दूर करने” जैसे दावों वाले पोस्टर चिपकाने वाले खुद को ‘बंगाली बाबा’ बताने वाले व्यक्ति को संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई (RPF) की मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे की टीमों ने मिलकर की।

अभियान के दौरान आरोपी के पास से करीब 15,000 पोस्टर बरामद किए गए। ये पोस्टर ट्रेन के टॉयलेट, कोच और रेलवे परिसरों में बिना अनुमति चिपकाए जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध रूप से व्यवसाय चला रहा था और लोगों की भावनाओं तथा निजी समस्याओं का लाभ उठाकर प्रचार कर रहा था।

बिना अनुमति व्यवसाय पर केस दर्ज

रेलवे परिसर में अनधिकृत विज्ञापन और बिना अनुमति व्यवसाय संचालित करने के आरोप में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के सहयोगियों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।

छत्तीसगढ़ में भी जरूरी है सख्ती

जिस प्रकार अन्य जोनों में अवैध और भ्रामक पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है, उसी प्रकार दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को भी अपने अधिकार क्षेत्र, विशेषकर बिलासपुर मंडल में ऐसे तत्वों पर कठोर कदम उठाने चाहिए। रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म, कोच और सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह के अनधिकृत विज्ञापन न केवल रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि यात्रियों को भ्रमित कर ठगी का शिकार भी बनाते हैं। ऐसे मामलों में रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे प्रशासन को संयुक्त अभियान चलाकर पोस्टर हटाने, दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए, ताकि रेलवे परिसर स्वच्छ, सुरक्षित और भ्रामक प्रचार से मुक्त रह सके।

प्रशासन, पुलिस और रेलवे को संयुक्त अभियान चलाकर ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कदम उठाने चाहिए। साथ ही आम जनता से भी अपील है कि वे इस प्रकार के भ्रामक विज्ञापनों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena