Skip to content

लगातार बढ़ती महंगाई पर कांग्रेस का हमला

“अबकी बार… जनता की कमाई पर किश्तों में लूटमार” – तारेंद्र डनसेना

रायगढ़ । पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस प्रवक्ता तारेंद्र डनसेना ने सोशल मीडिया के माध्यम से केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले 8 दिनों में पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब ₹5 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर आम जनता की जेब पर खुला डाका डाला गया है। उन्होंने कहा कि आज फिर पेट्रोल में 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि कर सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उसे आम आदमी की परेशानियों और बढ़ती महंगाई से कोई सरोकार नहीं है।

तारेंद्र डनसेना ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका सीधा प्रभाव देश की रसोई तक पहुंचता है। परिवहन लागत बढ़ने से खाद्य सामग्री, सब्जियां, दाल, दूध और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता अब दोहरी आर्थिक मार सहने को मजबूर हो गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और कच्चे तेल की कीमतों का हवाला देकर अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है। डनसेना ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होती हैं तब जनता को राहत नहीं दी जाती, लेकिन जैसे ही थोड़ी बढ़ोतरी होती है, उसका पूरा बोझ सीधे आम लोगों पर डाल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार टैक्स के नाम पर जनता से भारी वसूली कर रही है और आम आदमी की मेहनत की कमाई को निचोड़ने का काम किया जा रहा है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और नौकरीपेशा लोगों पर पड़ रहा है। घर का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है और आम लोगों के लिए रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और जनता को उसके हाल पर छोड़ दिया गया है।

तारेंद्र डनसेना ने मांग की कि केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल पर लगाए गए भारी टैक्स को तुरंत कम करे और बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी आर्थिक नीति लागू करे, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Taran

Taran