Skip to content

रायपुर से जयपुर की दूरी हुई आसान: नई कनेक्टिंग फ्लाइट शुरू, यात्रियों को बड़ी राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के यात्रियों के लिए जयपुर की यात्रा अब पहले से अधिक सुविधाजनक हो गई है। स्वामी विवेकानन्द एयरपोर्ट रायपुर से जयपुर के लिए नई कनेक्टिंग फ्लाइट सेवा शुरू कर दी गई है, जिससे लंबे समय से चली आ रही सीधी उड़ान की मांग को आंशिक राहत मिली है।

यह नई सेवा इंडिगो एयरलाइंस द्वारा शुरू की गई है। इस रूट में रायपुर से जयपुर की यात्रा हैदराबाद के रास्ते पूरी होगी, जबकि वापसी में फ्लाइट जयपुर से नवी मुंबई होते हुए रायपुर पहुंचेगी। इस नई व्यवस्था से यात्रियों को पहले की तुलना में बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

सुबह के समय उड़ान भरने वाली यह सेवा इस तरह डिजाइन की गई है कि यात्रियों को कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। हालांकि यह सीधी उड़ान नहीं है, फिर भी यह विकल्प यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है।

इस रूट पर 180 सीटों वाले एयरबस विमान का रोजाना संचालन किया जाएगा। टिकट की शुरुआती कीमत लगभग 7500 रुपये से शुरू होकर 11000 रुपये तक हो सकती है, जो सीटों की उपलब्धता के अनुसार बदलती रहेगी। ट्रैवल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिला, तो भविष्य में इस सेवा में और सुधार संभव हैं।

दरअसल, रायपुर और जयपुर के बीच सीधी हवाई सेवा की मांग पिछले एक दशक से की जा रही थी। अब इस कनेक्टिंग फ्लाइट के शुरू होने से उम्मीदें और बढ़ गई हैं। इसी बीच एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी इस रूट पर अपनी योजना को आगे बढ़ाते हुए सर्वे पूरा कर लिया है और रायपुर-मुंबई-जयपुर रूट पर नई उड़ान शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया है।

फिलहाल रायपुर एयरपोर्ट से मुंबई और हैदराबाद के लिए रोजाना कई उड़ानें संचालित हो रही हैं। नई सेवा के जुड़ने से न केवल जयपुर बल्कि अन्य बड़े शहरों के लिए भी हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होने की संभावना है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena