Skip to content

रायपुर में IPL का रोमांच, विराट-रोहित समेत कई सितारों की एंट्री से क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह

10 और 13 मई को होंगे दो बड़े मुकाबले, कल से शुरू होगी टिकट बुकिंग

रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर क्रिकेट के सबसे बड़े महाकुंभ IPL 2026 की मेजबानी करने जा रही है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मई महीने में दो हाई-वोल्टेज मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें देश-दुनिया के दिग्गज क्रिकेट सितारे मैदान पर उतरेंगे। इन मैचों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

BCCI द्वारा जारी दूसरे चरण के शेड्यूल में रायपुर को भी महत्वपूर्ण मेजबान शहरों में शामिल किया गया है।  

रायपुर में होंगे ये बड़े मुकाबले

रायपुर में पहला मुकाबला 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला जाएगा। इसके बाद 13 मई को RCB और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) आमने-सामने होंगी। दोनों मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।  

इन मुकाबलों में विराट कोहली, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और आंद्रे रसेल जैसे स्टार खिलाड़ियों को देखने का मौका मिलेगा। यही वजह है कि टिकट बिक्री शुरू होने से पहले ही फैंस में भारी उत्साह है।

कल से शुरू होगी टिकट बुकिंग

जानकारी के अनुसार मैचों की टिकट बुकिंग 3 मई से शुरू की जाएगी। क्रिकेट प्रेमी IPL की आधिकारिक वेबसाइट, BookMyShow और District जैसे अधिकृत प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे।  

विशेषज्ञों का मानना है कि RCB के मैचों की मांग सबसे अधिक रहने वाली है, क्योंकि विराट कोहली की लोकप्रियता के चलते टिकट बेहद तेजी से बिक सकते हैं। कई प्लेटफॉर्म ने पहले ही “फास्ट फिलिंग” और “कमिंग सून” का अलर्ट जारी कर दिया है।  

रायपुर में बढ़ेगी आर्थिक गतिविधि

IPL मुकाबलों के आयोजन से राजधानी रायपुर में होटल, रेस्टोरेंट, ट्रांसपोर्ट और स्थानीय व्यापार को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। मैचों के दौरान हजारों क्रिकेट प्रशंसकों के रायपुर पहुंचने की संभावना है, जिससे शहर में पर्यटन और कारोबार दोनों को गति मिलेगी।

छत्तीसगढ़ में लंबे समय बाद इतने बड़े क्रिकेट आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। सोशल मीडिया पर भी IPL Raipur ट्रेंड करने लगा है और लोग टिकट बुकिंग शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri