Skip to content

रायपुर में GATE परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल का बड़ा खुलासा

रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 14 फरवरी को आयोजित GATE परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल का मामला सामने आया है। डीडी नगर थाना क्षेत्र के सरोना स्थित निजी परीक्षा केंद्र में जूते के भीतर छुपाए गए ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए परीक्षा में चीटिंग की जा रही थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

🔹आरोपियों की पहचान और योजना

पुलिस के अनुसार, हरियाणा के तीन बीटेक पास स्टूडेंट्स-दर्शन सहवाग, लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की और अमर को रायपुर में परीक्षा केंद्र मिला था। उन्होंने जूतों में ब्लूटूथ डिवाइस छुपाकर परीक्षा में प्रवेश किया। परीक्षा शुरू होने से पहले वॉशरूम में जाकर इन डिवाइस को कान में लगाया और एक्टिव किया।

🔹नकल की हाईटेक पद्धति

डिवाइस का कनेक्शन बाहर बैठे तीन अन्य युवकों से था, जो लैपटॉप के जरिए ऑनलाइन सवाल सॉल्व कर रहे थे। परीक्षार्थियों को दबी आवाज में सवाल पूछे जाते और ब्लूटूथ ईयर डिवाइस के माध्यम से जवाब पहुंचाए जाते। इस हाईटेक नकल में तकनीक और सटीक योजना का इस्तेमाल किया गया था।

🔹लेन-देन और साजिश

जांच में यह भी सामने आया कि नकल कराने के लिए प्रति छात्र 2 लाख रुपये में सौदा हुआ था। हरियाणा के यू-ट्यूबर नरेंद्र कुमार और इंजीनियर सुमित सहवाग समेत तीन अन्य लोगों ने पूरी योजना बनाई थी। कुल 6 लाख रुपये लेकर सभी आरोपी रायपुर पहुंचे थे।

🔹पुलिस कार्रवाई और जाँच

परीक्षा केंद्र प्रभारी को संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। सरोना स्थित TCS-ION डिजिटल जोन में नेटवर्क सक्रिय होने के दौरान पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए। फिलहाल डीडी नगर थाना पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena