Skip to content

रायपुर में 6 घंटे जलापूर्ति बाधित: 150 MLD प्लांट की पाइपलाइन मरम्मत के कारण कई इलाकों में पानी संकट

रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार शहर में जलापूर्ति व्यवस्था आगामी दिनों में प्रभावित रहने वाली है। निगम के 150 एमएलडी क्लियर वॉटर प्लांट की डी.आई. राइजिंग पाइपलाइन में पचपेड़ी नाका एवं तेलीबांधा थाना के सामने लीकेज की समस्या सामने आई है, जिसके चलते मरम्मत कार्य कराया जाना आवश्यक हो गया है। इस कारण शहर के कई प्रमुख इलाकों में अस्थायी रूप से जलापूर्ति बंद रहेगी।

निगम प्रशासन ने जानकारी दी है कि पाइपलाइन की मरम्मत के लिए 10 अप्रैल 2026, शुक्रवार को सुबह से 6 घंटे का शटडाउन लिया जाएगा। इस दौरान 150 एमएलडी प्लांट से जुड़े जल टैंकों में पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। जिन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति नहीं होगी उनमें लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मुण्डी, मोवा, सद्दू, दलदल सिवनी, कचना, आमासिवनी, देवपुरी एवं जोरा जैसे प्रमुख इलाके शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 10 अप्रैल को सुबह जलापूर्ति होने के बाद शाम को पानी नहीं मिलेगा।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि 11 अप्रैल 2026 को जलापूर्ति पुनः सामान्य रूप से बहाल कर दी जाएगी। हालांकि शहर के अन्य जलाशयों एवं पावर पंपों से जुड़े क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति यथावत जारी रहेगी, जिससे कुछ इलाकों में संकट की स्थिति नहीं बनेगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पहले से पानी का भंडारण कर लें और अनावश्यक जल व्यय से बचें।

नगर निगम ने यह भी निर्देश दिया है कि उक्त सूचना को व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाए, ताकि आमजन को असुविधा से बचाया जा सके। इसके लिए दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशन के माध्यम से लोगों को पहले ही सतर्क किया जा रहा है। निगम के कार्यपालन अभियंता (फिल्टर प्लांट) द्वारा जारी इस सूचना के बाद शहर में जल संकट को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena