Skip to content

रायपुर में भाजपा के दिग्गज नेता धरमलाल कौशिक से लूट, मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल छीनकर फरार हुए बदमाश

रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक लूटपाट का शिकार हो गए। जानकारी के अनुसार वे रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास की बताई जा रही है।  

बताया जा रहा है कि घटना सुबह करीब 8 बजे की है। धरमलाल कौशिक अकेले टहल रहे थे और इसी दौरान बाइक पर आए दो युवक उनके पास पहुंचे। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, बदमाश मोबाइल छीनकर तेज रफ्तार से भाग निकले। वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ कर नहीं सके। घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस और साइबर टीम मौके पर पहुंची।  

घटना ऐसे समय हुई है जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं और राजधानी रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट जारी है। इसके बावजूद वीआईपी क्षेत्र में हुई इस वारदात ने पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनीतिक गलियारों में भी इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रिया सामने आने लगी है। कांग्रेस नेताओं ने इसे राजधानी की बिगड़ती सुरक्षा व्यवस्था का उदाहरण बताया है।  

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाश पहले से रेकी कर रहे थे और सुनसान मोड़ का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करने के साथ-साथ शहर में सक्रिय स्नैचिंग गैंगों की जानकारी भी जुटा रही है।  

धरमलाल कौशिक छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। वे बिल्हा विधानसभा सीट से विधायक हैं और पूर्व में विधानसभा अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। ऐसे वरिष्ठ नेता के साथ राजधानी में खुलेआम हुई लूट की घटना ने आम नागरिकों के मन में भी असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है।  

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena