Skip to content

रायपुर में ‘गूगल बॉय’ रुद्र का सम्मान, राज्यपाल भी हुए प्रतिभा के कायल

रायपुर, 1 मई 2026।
राजधानी रायपुर स्थित लोक भवन में आज एक विशेष क्षण देखने को मिला, जब दुर्ग जिले के मात्र 6 वर्षीय बालक रुद्र शर्मा ने अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति और ज्ञान से सभी को चौंका दिया। ‘गूगल बॉय’ के नाम से पहचान बना चुके रुद्र ने राज्यपाल श्री रमेन डेका से मुलाकात कर सामान्य ज्ञान, छत्तीसगढ़ और भारतीय संविधान से जुड़े सवालों के सटीक उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया।

कक्षा पहली में अध्ययनरत रुद्र को यूपीएससी और पीएससी स्तर तक के कई प्रश्नों के उत्तर याद हैं। मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने उससे छत्तीसगढ़ राज्य के गठन, उसकी विशेषताओं तथा संविधान संबंधी कई प्रश्न पूछे, जिनका रुद्र ने बिना किसी हिचकिचाहट के तुरंत और सही जवाब दिया। नन्हे बालक की असाधारण स्मरण शक्ति और आत्मविश्वास को देखकर राज्यपाल भी प्रभावित नजर आए।

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने रुद्र की प्रतिभा की सराहना करते हुए लोक भवन की ओर से उसे प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर रुद्र की माता श्रीमती पायल शर्मा तथा उसके नाना श्री विनोद शर्मा भी उपस्थित रहे। परिवार ने रुद्र की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उसकी जिज्ञासा और पढ़ाई के प्रति लगन बचपन से ही अलग रही है।

कम उम्र में इतनी विलक्षण प्रतिभा ने यह साबित कर दिया है कि यदि बच्चों को सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले तो वे छोटी उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri