Skip to content

रायपुर में आबकारी कर्मचारी से लूट: देर रात बस स्टॉप पर रोककर खेत में ले गए बदमाश, सोने के जेवर छीने

अभनपुर । रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में देर रात लूट की एक गंभीर वारदात सामने आई है। ग्राम केंद्री बस स्टॉप के पास दो अज्ञात युवकों ने आबकारी विभाग के एक कर्मचारी को धमकाकर खेत में ले जाकर उससे सोने के जेवर लूट लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित आकाश कुमार तिवारी (38) गरियाबंद जिले में आबकारी विभाग में लिपिक के पद पर पदस्थ हैं। बताया गया कि 2 मई की रात वे ड्यूटी के बाद अपने एक मित्र के घर राजिम गए थे। वहां भोजन करने के बाद देर रात लगभग 11:30 बजे वे रायपुर लौट रहे थे। रास्ते में ग्राम केंद्री बस स्टॉप के यात्री प्रतीक्षालय में कुछ देर आराम करने के लिए बैठ गए।

इसी दौरान रात करीब 12:30 बजे अभनपुर की ओर से पल्सर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। शुरुआत में दोनों ने सामान्य बातचीत करते हुए माचिस मांगी, लेकिन कुछ ही देर बाद उन्होंने पीड़ित पर गांजा रखने का आरोप लगाकर जबरन तलाशी लेना शुरू कर दिया। विरोध करने पर दोनों युवकों ने आकाश तिवारी को पकड़ लिया और पास के खेत की ओर ले गए।

पीड़ित के अनुसार खेत में ले जाकर आरोपियों ने उसे जमीन पर गिरा दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने उसके हाथ में पहनी दो सोने की अंगूठियां और गले की सोने की चेन लूट ली। लूटे गए जेवरों की कीमत लगभग 80 हजार रुपए बताई जा रही है। सुनसान स्थान और रात का समय होने के कारण पीड़ित किसी प्रकार का विरोध नहीं कर सका।

घटना के बाद आकाश तिवारी किसी तरह अपने घर पहुंचे और अगले दिन 3 मई को अभनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पल्सर बाइक सवार संदिग्ध युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri