Skip to content

रायपुर:महाराष्ट्र से गांजा लाए दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 21 किलो से अधिक मादक पदार्थ जब्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 21.206 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 60 हजार 300 रुपये बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

रायपुर कमिश्नरेट के अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को मुजगहन पुलिस को सूचना मिली कि नया धमतरी रोड स्थित धनेली ओवरब्रिज के नीचे दो व्यक्ति गांजा रखकर बिक्री की तैयारी में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) के निर्देश पर मुजगहन थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।

महाराष्ट्र के निवासी हैं आरोपी

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम गणेश भाउराव जाधव (45 वर्ष), निवासी यवतमाल (महाराष्ट्र) और नरेश नाथनी मुदी (54 वर्ष), निवासी रायगढ़ (महाराष्ट्र) बताया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 21.206 किलो गांजा जब्त किया गया।

सिंडिकेट की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस उपायुक्त संदीप कुमार पटेल ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि वे गांजा कहां से लाए थे और रायपुर में किसे सप्लाई करने वाले थे। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena