Skip to content

रायगढ़ : शिव ट्रेडिंग राइस मिल के गोदाम में भीषण आग, 5 घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

रायगढ़। जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र स्थित छातामुड़ा चौक के पास शिव ट्रेडिंग राइस मिल के गोदाम में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते गोदाम में रखे चावल, बारदाना और भूसे को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा करीब पांच घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात लगभग 11 बजे राइस मिल के कर्मचारियों ने गोदाम से धुआं निकलते देखा। इसके बाद तत्काल मिल प्रबंधन, पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल टीम के पहुंचने तक आग तेजी से फैल चुकी थी। गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने तीन फायर ब्रिगेड वाहनों को मौके पर लगाया। लगातार पानी की बौछार और कड़ी मशक्कत के बाद रविवार तड़के करीब 4 बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। वहीं आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि गोदाम में रखे चावल, बारदाना और अन्य सामग्री के जलने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट ब्लासियुज कुजूर ने बताया कि आग बुझाने के लिए तीन दमकल वाहनों की सहायता ली गई थी। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और नुकसान के साथ-साथ आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन समय पर कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena