Skip to content

रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा विस्तार

20 बिस्तरों के नए वार्ड से गर्भवती महिलाओं को मिलेगी राहत, अस्पताल की क्षमता में वृद्धि

रायगढ़। रायगढ़ में स्थित स्व. लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध संत बाबा गुरु घासीदास जी स्मृति शासकीय चिकित्सालय में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में 20 बिस्तरों वाले नए अतिरिक्त वार्ड का शुभारंभ किया गया है, जिससे अब अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं को बेहतर और समयबद्ध उपचार उपलब्ध हो सकेगा।

प्रदेश सरकार द्वारा आम नागरिकों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक मंत्री ओपी चौधरी के मार्गदर्शन में किए गए इस विस्तार से क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को नई मजबूती मिली है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में पहले से 60 बिस्तरों की व्यवस्था थी, लेकिन मरीजों की संख्या कई बार 90 से 100 तक पहुंच जाती थी। ऐसे में मरीजों को समुचित सुविधा और आराम देना चुनौतीपूर्ण हो जाता था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से 20 अतिरिक्त बिस्तरों का नया वार्ड शुरू किया गया है, जिससे अब मरीजों को बेहतर वातावरण और व्यवस्थित उपचार मिल सकेगा।

अधिष्ठाता डॉक्टर संतोष कुमार ने बताया कि नए वार्ड में साफ-सफाई, आधुनिक उपकरणों और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। इससे न केवल मरीजों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि चिकित्सकों और स्टाफ के लिए भी कार्य करना अधिक सुगम होगा। उन्होंने कहा कि यह विस्तार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है।

स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉक्टर टी के साहू ने कहा कि नए वार्ड के शुरू होने से अब मरीजों को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आरामदायक वातावरण में उपचार मिल सकेगा। इससे सुरक्षित प्रसव को बढ़ावा मिलेगा और मातृ मृत्यु दर को कम करने में भी सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर डॉक्टर सविता अहीरवाल , डॉक्टर राघवेंद्र महिलांगे, डॉक्टर नरेश पटेल ,सहित विभाग के सभी चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक मील का पत्थर बताया।

यह विस्तार न केवल रायगढ़, बल्कि आसपास के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के लिए भी राहत लेकर आया है। आने वाले समय में इससे अस्पताल पर बढ़ते दबाव में कमी आएगी और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena