Skip to content

रायगढ़ में प्रेम, विवाह और धोखे का हाई-वोल्टेज ड्रामा: 45 वर्षीय महिला से शादी, 28 वर्षीय युवती ने लगाया 6 साल के शोषण का आरोप, हिंदू संगठनों ने उठाया “लव जिहाद” का मुद्दा

रायगढ़। जिले में एक फेरीवाले युवक से जुड़ा मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रेम संबंध, विवाह, कथित धोखाधड़ी और शोषण के आरोपों के बीच यह मामला अब सामाजिक और राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है। दो अलग-अलग महिलाओं की शिकायतों के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद निवासी 30 वर्षीय सलीम पिछले कुछ समय से खरसिया और आसपास के क्षेत्रों में फेरी लगाकर सामान बेचने का काम कर रहा था। शुक्रवार को मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब 45 वर्षीय एक महिला रायगढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और सुरक्षा की मांग की। महिला ने बताया कि उसने जांजगीर-चांपा जिले के एक मंदिर में सलीम से विवाह किया है। महिला का कहना था कि विवाह के बाद उसके परिजन, विशेष रूप से उसके बेटे, इस रिश्ते का विरोध कर रहे हैं और उसे घर से निकाल दिया गया है। ऐसे में उसने पुलिस से सुरक्षा की मांग की।

मामला अभी पुलिस के संज्ञान में ही था कि अगले ही दिन एक और युवती पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गई। 28 वर्षीय युवती ने सलीम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कोरोना काल के दौरान उसकी पहचान सलीम से हुई थी। युवती का आरोप है कि सलीम ने उससे विवाह का वादा किया और इसी भरोसे पर वर्षों तक उसके साथ संबंध बनाए रखे। युवती के अनुसार वह सलीम को अपना भावी पति मानती रही, लेकिन बाद में उसे पता चला कि उसने किसी अन्य महिला से विवाह कर लिया है। इसके बाद युवती ने स्वयं को धोखा दिए जाने और शोषण का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब कुछ हिंदू संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए। संगठनों ने आरोप लगाया कि यह केवल प्रेम प्रसंग या धोखाधड़ी का मामला नहीं है, बल्कि सुनियोजित तरीके से महिलाओं को प्रभावित कर उनका शोषण करने का प्रयास किया गया है। संगठनों ने पूरे मामले की गहन जांच की मांग करते हुए इसे “लव जिहाद” से जोड़कर भी देखा है। हालांकि इस संबंध में अभी तक पुलिस या किसी न्यायिक संस्था द्वारा कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सूत्रों के अनुसार पुलिस जांच के दौरान आरोपी युवक के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है। शिकायतकर्ता युवती ने दावा किया है कि मोबाइल में कई अन्य महिलाओं के साथ बातचीत और संपर्क के प्रमाण मौजूद हैं। पुलिस इन दावों की सत्यता की जांच कर रही है।

रायगढ़ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर आरोपी युवक को हिरासत में लेकर संबंधित थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस द्वारा प्राप्त शिकायतों के आधार पर विभिन्न कानूनी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामले में किन-किन धाराओं के तहत अपराध बनता है।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच पुलिस प्रशासन ने महिलाओं से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि किसी भी व्यक्ति के साथ संबंध स्थापित करने से पहले उसकी पहचान, पारिवारिक पृष्ठभूमि और अन्य आवश्यक जानकारियों की पुष्टि अवश्य करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

फिलहाल मामला जांच के अधीन है और पुलिस दोनों महिलाओं के आरोपों, आरोपी के पक्ष तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। जिले में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग जांच के निष्कर्षों का इंतजार कर रहे हैं।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena