Skip to content

रायगढ़ में प्रधानमंत्री सड़क योजना पर सवाल: 54 लाख के पुल निर्माण में अनियमितता का आरोप

पुसलदा गांव की सरपंच ने की शिकायत, गुणवत्ताहीन निर्माण और मानकों की अनदेखी का आरोप; सीएम और कलेक्टर को भी भेजी प्रतिलिपि

रायगढ़।27 फ़रवरी 2026

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला छाल क्षेत्र के पुसलदा गांव से सामने आया है, जहां प्रधानमंत्री सड़क मार्ग के तहत बनाए गए पुल और रिटर्निंगवाल (दीवार) के निर्माण में गंभीर अनियमितताओं की शिकायत की गई है।

54 लाख की लागत से बने तीन छोटे पुल

ग्राम पंचायत पुसलदा की सरपंच कमला बाई राठिया ने तहसीलदार के नाम लिखित आवेदन देकर बताया है कि प्रधानमंत्री सड़क मार्ग खेदापाली से पुसलदा मार्ग पर करीब 54 लाख रुपए की लागत से तीन छोटे पुलों का निर्माण कराया गया है।

इसके अलावा पुसलदा से बेहरामुड़ा मार्ग पर मिट्टी कटाव रोकने के उद्देश्य से रिटर्निंगवाल (दीवार) का निर्माण किया गया है।

मानकों की अनदेखी का आरोप

सरपंच के अनुसार, मिट्टी कटाव रोकने के लिए बनाई गई दीवार में निर्धारित मानकों के अनुरूप सरिया (लोहे) का उपयोग नहीं किया गया। निर्माण के बाद दीवार पर पानी का नियमित छिड़काव भी नहीं किया गया, जिसके कारण सीमेंट उखड़ने लगा है और दीवार कमजोर दिखाई दे रही है।

उन्होंने इसे स्पष्ट रूप से गुणवत्ताहीन निर्माण बताते हुए कहा कि शासन के दिशा-निर्देशों की अनदेखी की गई है।

सीसी रोड और नाली निर्माण भी सवालों के घेरे में

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि सीसी रोड का निर्माण कार्य भी मानकों के अनुरूप नहीं किया गया। निर्माण के दौरान पुराने पानी निकासी नाली और पाइपलाइन को तोड़ दिया गया, लेकिन अब तक उनकी मरम्मत नहीं की गई है।

इस वजह से ग्रामीणों को आवागमन और जल निकासी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

उच्च स्तर पर शिकायत

सरपंच कमला बाई राठिया ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही क्षतिग्रस्त नाली और पाइपलाइन की शीघ्र मरम्मत कराने की भी मांग उठाई है।

उन्होंने अपनी शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, कलेक्टर रायगढ़ और क्षेत्रीय सांसद को भी भेजी है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena