Skip to content

रायगढ़ में पुलिस कार्रवाई पर बवाल: युवक को उठाने से भड़के ग्रामीण, थाना के सामने धरना

रायगढ़। जिले के कोतरा रोड थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब ग्राम पंचायत गेजामुड़ा के बड़ी संख्या में ग्रामीण थाना के सामने मुख्य सड़क पर बैठकर धरना प्रदर्शन करने लगे। यह पूरा मामला अडानी ग्रुप की रेलवे लाइन परियोजना से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, जो गांव के समीप से गुजर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस परियोजना से उनके भूमि, पर्यावरण और आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिसके चलते वे लगातार इसका विरोध कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि आज पुलिस ने गांव के एक युवक को पूछताछ के लिए कोतरा रोड थाना लेकर आई। इस कार्रवाई के बाद स्थिति और अधिक भड़क गई। युवक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के जबरन उसे उठाया गया और परिवार को इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। परिजनों का यह भी कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई से गांव में भय और आक्रोश का माहौल बन गया है।

युवक को थाना ले जाने की खबर मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, थाना के सामने एकत्रित हो गए। सभी ने मुख्य सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने युवक को तुरंत रिहा करने और पूरे मामले में पारदर्शिता बरतने की मांग उठाई, साथ ही रेलवे लाइन परियोजना को लेकर भी स्पष्ट जवाब मांगा।

समाचार लिखे जाने तक थाना परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी थे। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। फिलहाल क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri