Skip to content

रायगढ़ में दर्दनाक हादसा: झूला बना काल, 6 साल की मासूम की फंदे में फंसकर मौत

रायगढ़। रायगढ़ जामपाली में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां झूला झूलते समय 6 वर्षीय मासूम बच्ची की गले में रस्सी फंसने से मौत हो गई। खेल-खेल में हुआ यह हादसा परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द छोड़ गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घर के आंगन में खेलते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार घटना कोतरा रोड थाना अंतर्गत ग्राम जामपाली की है। यहां निवासी रामलाल सारथी की 6 वर्षीय पुत्री रिद्धिमा सारथी बुधवार शाम अपने घर में लगे झूले पर झूल रही थी। इसी दौरान अचानक झूले की रस्सी उसके गले में फंस गई और फंदे का रूप ले लिया।

बताया जा रहा है कि जब तक परिजन कुछ समझ पाते, तब तक मासूम फंदे में लटक चुकी थी। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो बच्ची रस्सी में फंसी मिली। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कोतरा रोड पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। गुरुवार को पीएम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिवार में पसरा मातम

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। एक मासूम की यूं असमय मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। खेलते-खेलते हुई इस दुर्घटना ने यह भी सवाल खड़े कर दिए हैं कि घरों में लगे झूलों और अन्य उपकरणों की सुरक्षा को लेकर कितनी सावधानी बरती जा रही है।

यह घटना अभिभावकों के लिए एक चेतावनी भी है कि बच्चों के खेलते समय सतर्क निगरानी बेहद जरूरी है, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri