Skip to content

रायगढ़ में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर प्रशासन सख्त, होटलों-रेस्टोरेंट में औचक जांच

रायगढ़, 11 मार्च 2026।घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए रायगढ़ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर बुधवार को शहर के कई होटलों और भोजनालयों में संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई का उद्देश्य घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग रोकना और आम उपभोक्ताओं के लिए गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

एसडीएम रायगढ़ महेश शर्मा के नेतृत्व में राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान आमंत्रण होटल, तुलसी होटल, राजस्थानी भोजनालय और गणगौर स्वीट्स सहित कई प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के उपयोग की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने होटल और भोजनालय संचालकों को स्पष्ट रूप से बताया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू आवश्यकताओं के लिए ही निर्धारित है। यदि किसी प्रतिष्ठान में घरेलू सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पाया गया तो संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को केवल कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करने के निर्देश दिए गए।

जांच के दौरान टीम ने गैस एजेंसियों की आपूर्ति व्यवस्था और सिलेंडरों की उपलब्धता की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की दैनिक आवक और वितरण की नियमित निगरानी की जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू गैस की उपलब्धता सामान्य है। नागरिकों को घबराने या अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर जमा करने की जरूरत नहीं है। साथ ही प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से समय-समय पर गैस की उपलब्धता से संबंधित जानकारी भी साझा की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए आगे भी इस तरह के संयुक्त निरीक्षण अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो और आम उपभोक्ताओं तक गैस की सुचारू आपूर्ति बनी रहे।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri