Skip to content

रायगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, डेयरी व मिठाई दुकानों पर छापा; ब्रेड-केक के नमूने जांच के लिए भेजे

रायगढ़, जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आम उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को विभागीय टीम ने शहर के विभिन्न डेयरी प्रतिष्ठानों, मिठाई दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट और बेकरी का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य कारोबारियों को गुणवत्ता मानकों का पालन करने तथा राज्य शासन के निर्देशों के अनुरूप ही खाद्य सामग्री का विक्रय करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण अभियान नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आदेश तथा अभिहित अधिकारी के निर्देशन में संचालित किया गया। टीम ने कारोबारियों को राज्य शासन द्वारा पनीर एनालॉग एवं डेयरी एनालॉग उत्पादों के निर्माण और विक्रय पर लगाए गए प्रतिबंध की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का प्रतिबंधित उत्पाद बिक्री के लिए नहीं रखा जाए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जांच के दौरान मंगलूडीपा स्थित आरजू बेकरी से ब्रेड और केक के एक-एक विधिक नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान केवल निरीक्षण ही नहीं, बल्कि खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधि के अंतर्गत विभिन्न प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा संबंधी पोस्टर लगाए गए तथा दुकानदारों और उपभोक्ताओं के बीच जागरूकता पम्पलेट वितरित कर सुरक्षित एवं मानक खाद्य सामग्री के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार के निरीक्षण अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। विभाग ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता या मिलावट को लेकर संदेह हो तो इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

अभियान में अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल तथा नमूना सहायक सुमन अग्रवाल सहित विभागीय टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri