Skip to content

रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट का मास्टरमाइंड रायपुर से गिरफ्तार

रायगढ़, 22 अप्रैल। जिले में तेजी से फैल रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क पर रायगढ़ पुलिस ने बड़ा प्रहार करते हुए इसके मुख्य सरगना देव बंसल को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई, जिसमें साइबर सेल और थाना चक्रधरनगर की संयुक्त टीम ने सटीक रणनीति के साथ सफलता हासिल की।

जांच में सामने आया है कि यह सट्टा रैकेट इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और फोन पे जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित हो रहा था, जिसका नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था। इससे पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान गगन अग्रवाल और देव बंसल सहित पूरे सिंडिकेट का खुलासा हुआ था। पुलिस की दबिश से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आखिरकार मास्टरमाइंड को दबोच लिया।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 16 प्रो (मोबाइल डिवाइस) से महत्वपूर्ण डिजिटल सबूत जुटाए हैं, जिनमें सट्टे से जुड़े ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड, टिकट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक प्रमाण शामिल हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं और अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

इस ऑपरेशन का नेतृत्व सीएसपी मयंक मिश्रा ने किया, जिनकी अगुवाई में साइबर और थाना चक्रधरनगर की टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई अंजाम दी। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि रायगढ़ पुलिस ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा के हर नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena