Skip to content

रायगढ़ जिले में आदिवासी किसान कांग्रेस को मिला नया नेतृत्व, संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा कदम

रायगढ़। आदिवासी किसान कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रायगढ़ जिले में नए नेतृत्व की घोषणा की है। संगठन ने अनुभवी एवं समर्पित नेताओं को जिम्मेदारी सौंपते हुए श्री चक्रधर सिदार (पूर्व विधायक, लैलूंगा) को जिला अध्यक्ष (ग्रामीण, रायगढ़) तथा श्री दीपक एक्का को शहर अध्यक्ष (रायगढ़) नियुक्त किया है।

संगठन का मानना है कि इन नियुक्तियों से रायगढ़ जिले में आदिवासी किसान कांग्रेस की गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में संगठनात्मक ढांचा पहले से अधिक मजबूत होगा। लंबे समय से सामाजिक एवं जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहे दोनों नेताओं के अनुभव का लाभ संगठन को मिलेगा।

पूर्व विधायक के रूप में श्री चक्रधर सिदार का क्षेत्रीय अनुभव और जनसंपर्क ग्रामीण अंचलों में संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। वहीं श्री दीपक एक्का के नेतृत्व में शहर क्षेत्र में संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं के समन्वय तथा जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने की दिशा में कार्य तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।

संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में आदिवासी किसान कांग्रेस किसानों, आदिवासी समाज, युवाओं और आमजन से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। साथ ही संगठन की नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को गांव-गांव एवं शहर के प्रत्येक वार्ड तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।

नियुक्ति की घोषणा के बाद रायगढ़ जिले के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। विभिन्न क्षेत्रों से पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं समर्थकों ने श्री चक्रधर सिदार और श्री दीपक एक्का को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।

संगठन के सूत्रों के अनुसार, आने वाले समय में रायगढ़ जिले में सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार, किसान चौपाल, आदिवासी अधिकारों से जुड़े जनजागरण कार्यक्रम तथा विभिन्न जनसरोकारों के मुद्दों पर व्यापक स्तर पर अभियान चलाए जाएंगे, जिससे संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा आम लोगों की आवाज को प्रभावी मंच प्राप्त होगा।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Taran

Taran