Skip to content

रायगढ़ जिला जेल में विचाराधीन बंदी की मौत, पीएम रिपोर्ट से होगा खुलासा

रायगढ़ । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला जेल में सोमवार सुबह एक विचाराधीन बंदी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बंदी को गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हलचल मच गई है।

मिली जानकारी के अनुसार तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम कठरापाली निवासी 38 वर्षीय सुरेश रात्रे को अवैध शराब प्रकरण में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 30 अप्रैल को उसे रायगढ़ जिला जेल में दाखिल कराया गया था। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह अचानक उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद जेल प्रशासन ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। मृतक के परिजनों को भी मामले की जानकारी दे दी गई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

जिला जेल अधीक्षक जीएस सोरी के अनुसार मृतक शराब पीने का आदी था। जेल में शराब नहीं मिलने के कारण उसकी तबीयत पहले भी बिगड़ रही थी। शनिवार को भी उसे डॉक्टर को दिखाया गया था। उस समय चिकित्सकों ने स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर दोबारा जांच कराने की सलाह दी थी। सोमवार सुबह फिर हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri