Skip to content

रायगढ़ की लाइफलाइन बनेगी मॉडल रोड, ओपी जिंदल मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का शुभारंभ

रायगढ़ । Steel Limited के सहयोग से रायगढ़ शहर की सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल ओपी जिंदल मार्ग अब आधुनिक और व्यवस्थित स्वरूप में नजर आएगा। केवड़ा बाड़ी चौक से सेठ किरोड़ीमल चौक तक सड़क उन्नयन और चौड़ीकरण कार्य की औपचारिक शुरुआत भूमिपूजन कार्यक्रम के साथ कर दी गई है। लगभग 10 करोड़ रुपए की लागत से इस मार्ग को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

शहर के प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल ढिमरापुर चौक से केवड़ा बाड़ी चौक तक का यह रास्ता लंबे समय से भारी ट्रैफिक दबाव झेल रहा है। प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, जिसके कारण लोगों को जाम और अव्यवस्थित यातायात की समस्या का सामना करना पड़ता था। शहर के लगातार विस्तार और बढ़ते वाहनों की संख्या को देखते हुए अब इस सड़क को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना पर तेजी से काम शुरू किया गया है।

परियोजना के तहत डिवाइडर के दोनों ओर दो-दो लेन विकसित की जाएंगी। सड़क की चौड़ाई दोनों तरफ 10-10 मीटर रखी जाएगी ताकि यातायात सुगम और सुरक्षित बन सके। इसके साथ ही डिवाइडर का सौंदर्यीकरण, आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग और बेहतर शहरी अधोसंरचना विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का मानना है कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि शहर की सुंदरता और शहरी पहचान भी मजबूत होगी।

केवड़ा बाड़ी चौक में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान नगर निगम सभापति डिग्री लाल साहू, एमआईसी सदस्य सुरेश गोयल, पूनम सोलंकी, मुक्ति नाथ बबुआ, अमित शर्मा तथा पार्षद सुमित्रा खोलू सारथी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

वहीं Jindal Steel Limited की ओर से कार्यपालन निदेशक देबोज्योति रॉय, एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट संजीव चौहान तथा सिविल विभाग प्रमुख अमित जैन सहित अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इसे शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि आने वाले समय में यह मार्ग रायगढ़ की आधुनिक शहरी पहचान का प्रतीक बनेगा।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri