Skip to content

रायगढ़ ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क मामले में बड़ा घटनाक्रम, फरार गुड्डा सरदार ने किया सरेंडर

रायगढ़ । रायगढ़ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क की जांच के बीच मंगलवार को मामले में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब लंबे समय से फरार चल रहा जसमीत बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार अचानक एसपी कार्यालय पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस जांच में उसे कथित तौर पर करन चौधरी नेटवर्क का एक अहम सदस्य माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, गोपी टॉकीज क्षेत्र में रहने वाला 40 वर्षीय गुड्डा सरदार ऑनलाइन सट्टा कारोबार में सक्रिय भूमिका निभाने के आरोपों के बाद जांच एजेंसियों के रडार पर था। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि वह करन चौधरी उर्फ करन अग्रवाल के नेटवर्क के संचालन में शामिल था और स्वयं भी बड़े सट्टा खाईवाल के रूप में काम कर रहा था। जांच एजेंसियों को घरघोड़ा में पकड़े गए गौतम भोजवानी समेत रायपुर के कुछ बड़े सट्टा कारोबारियों से उसके संपर्क होने के संकेत भी मिले हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल की टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां अब बैंक खातों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की गहन पड़ताल कर रही हैं। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि नेटवर्क में हवाला के जरिए रकम का लेन-देन कैसे किया जाता था और इस पूरे तंत्र में अन्य किन लोगों की भूमिका थी।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि फरारी के दौरान वह लगातार मानसिक तनाव में था और परिवार को लेकर परेशान था। उसने भविष्य में किसी भी प्रकार के सट्टा कारोबार से दूर रहने की बात कही है। साथ ही युवाओं से भी ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी से बचने की अपील की है।

उल्लेखनीय है कि इस पूरे नेटवर्क का खुलासा 26 अप्रैल को शहर और घरघोड़ा क्षेत्र में एक साथ हुई पुलिस कार्रवाई के बाद हुआ था। उस दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था और ऑनलाइन सट्टा कारोबार से जुड़े डिजिटल नेटवर्क, लेन-देन और संदिग्ध गतिविधियों के कई सुराग जांच एजेंसियों के हाथ लगे थे। पुलिस अब इस मामले में जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका और नेटवर्क के आर्थिक तंत्र की भी जांच कर रही है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri