Skip to content

राजनांदगांव: प्रभारी कलेक्टर ने पीएमश्री विद्यालय का किया निरीक्षण, उत्कृष्ट सुविधाएं विकसित करने के निर्देश

राजनांदगांव। प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह ने आज पीएम श्री सर्वेश्वरदास शासकीयनगर पालिका निगम उत्कृष्ट विद्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने समग्र शिक्षा अंतर्गत संचालित पीएमश्री योजना के उद्देश्यों की पूर्ति, निर्माण कार्यों की प्रगति, विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता और पाठ्यक्रम की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, लाईब्रेरी, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया गया। सीईओ ने निर्देश दिए कि जिले के सभी पीएमश्री विद्यालयों को उत्कृष्ट एवं सर्वसुविधायुक्त बनाया जाए तथा निर्माणाधीन कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए।

बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष जोर

प्रभारी कलेक्टर ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की तैयारी की जानकारी ली। शिक्षकों से अतिरिक्त कक्षाओं, मॉडल टेस्ट, पुनरावृत्ति कक्षाओं और विद्यार्थियों को दिए जा रहे मार्गदर्शन के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए सुनियोजित कार्ययोजना के साथ काम करने के निर्देश दिए।

उन्होंने समर कैम्प एवं समर होमवर्क की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया, ताकि अवकाश अवधि में भी विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियां निरंतर जारी रहें।

नोडल अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

प्रभारी कलेक्टर ने पीएमश्री विद्यालयों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी संयुक्त कलेक्टर एवं डिप्टी कलेक्टर्स को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। परीक्षा केन्द्रों में केंद्र प्रभारियों की ड्यूटी और परीक्षा व्यवस्था की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रवास सिंह बघेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि जिले के सभी पीएमश्री विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और अधोसंरचना सुदृढ़ करने के लिए निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena