Skip to content

राइस मिल में भीषण आग, काले धुएं से ढका आसमान; इलाके में हड़कंप

कबीरधाम। जिले के कवर्धा-पोंडी नेशनल हाईवे पर स्थित ग्राम हरिनछपरा की जनता राइस मिल में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया, जिसे दूर-दूर तक देखा गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकल कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। आग बुझाने के लिए लगातार पानी की बौछार की जा रही है। स्थानीय ग्रामीण भी अपने स्तर पर आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे रहे, जिससे राहत कार्य में तेजी आई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राइस मिल परिसर में बड़ी मात्रा में धान और भूसा रखा हुआ था, जिसके कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दमकल कर्मियों को अंदर प्रवेश करने में भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

फिलहाल राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

प्रशासन ने आसपास के लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घटनास्थल के पास न जाने की अपील की है, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena