Skip to content

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान: वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने टॉपर्स को दिए लैपटॉप और प्रोत्साहन राशि

रायगढ़ । रायगढ़ जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए आयोजित विशेष कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक O. P. Choudhary ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों का अभिनंदन किया। रायगढ़ स्थित उनके कार्यालय में आयोजित इस सम्मान समारोह में विद्यार्थियों को लैपटॉप, मार्गदर्शिका पुस्तकें तथा 25-25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान ओपी चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा में टॉप करना निश्चित रूप से बड़ी उपलब्धि है, लेकिन जीवन की यह केवल शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, अनुशासन, समय प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में समाज और राष्ट्र की दिशा तय करेंगे, इसलिए शिक्षा के साथ संस्कार और जिम्मेदारी भी जरूरी है।

इस वर्ष रायगढ़ जिले के कुल 8 विद्यार्थियों ने प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान बनाकर जिले का गौरव बढ़ाया है। 12वीं बोर्ड परीक्षा में कृष महंत ने 97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं लोकनाथ मेहर ने 97.20 प्रतिशत अंकों के साथ छठवां, शीतल साहू ने 96.80 प्रतिशत अंकों के साथ आठवां स्थान प्राप्त किया। बबीता पटेल और लिसिका वर्मा ने संयुक्त रूप से 96.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर नौवां स्थान हासिल किया, जबकि अंजली झा ने 96.40 प्रतिशत अंकों के साथ दसवां स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया।

इसी प्रकार 10वीं बोर्ड परीक्षा में गिरिजा प्रधान ने 98.33 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया। वहीं अहसान अली ने 97.83 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश की मेरिट सूची में आठवां स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर उनके अभिभावकों और शिक्षकों में भी उत्साह का माहौल दिखाई दिया।

सम्मान समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया। कई विद्यार्थियों ने भविष्य में प्रशासनिक सेवा, इंजीनियरिंग, चिकित्सा एवं शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छा व्यक्त की।

कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों और अभिभावकों ने कहा कि इस प्रकार का सम्मान विद्यार्थियों को और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। वहीं ओपी चौधरी ने आश्वासन दिया कि रायगढ़ जिले में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri