Skip to content

मेडिकल कॉलेज में सनसनी: मरीज के पति ने तीसरी मंजिल से लगाई छलांग, हालत पर नजर

जगदलपुर । शासकीय मेडिकल कॉलेज जगदलपुर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब फीमेल मेडिसिन वार्ड-1 में भर्ती एक मरीज के पति ने अस्पताल के बाथरूम की खिड़की से तीसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा अमला तुरंत सक्रिय हो गया।

जानकारी के मुताबिक, मारडूम निवासी पायके माड़वी (28) पीलिया के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हैं। बुधवार सुबह उनके पति लक्ष्मण बाथरूम गए, जहां उन्होंने खिड़की में लगी लोहे की रॉड मोड़ दी और उसी के सहारे ऊपर चढ़कर नीचे छलांग लगा दी।

घटना को सबसे पहले नीचे मौजूद सफाई कर्मचारियों ने देखा। उन्होंने तुरंत सुरक्षाकर्मियों को सूचना दी, जिसके बाद घायल लक्ष्मण को तत्काल आपातकालीन वार्ड पहुंचाकर इलाज शुरू किया गया। फिलहाल उसकी स्थिति पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल अधीक्षक अनुरूप साहू मौके पर पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए और सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष को भी पूरे मामले से अवगत कराया।

परिजनों का कहना है कि लक्ष्मण की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। वहीं,परपा थाना ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri