Skip to content

मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता: रायगढ़ में ‘टेली मानस’ और ‘टोरेंट प्रोजेक्ट’ से घर बैठे निःशुल्क परामर्श

रायगढ़, 19 फरवरी 2026। भागदौड़ भरी जीवनशैली और बढ़ते तनाव के बीच मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में रायगढ़ जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में जिला चिकित्सालय रायगढ़ द्वारा मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।

24 घंटे उपलब्ध है ‘टेली मानस’ सेवा

भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पहल टेली मानस (Tele Mental Health Assistance and Networking Across States) के माध्यम से जिले का कोई भी नागरिक घर बैठे मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से निःशुल्क और गोपनीय परामर्श प्राप्त कर सकता है। यह सेवा 24 घंटे, सातों दिन उपलब्ध है। नागरिक 14416 या 1800-891-4416 टोल-फ्री नंबर पर कॉल कर सहायता ले सकते हैं।

टोरेंट प्रोजेक्ट’ से ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच

राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत निम्हंसा, बेंगलुरु के समन्वय से जिले में ‘टोरेंट प्रोजेक्ट’ संचालित किया जा रहा है। जिला नोडल अधिकारी डॉ. केनन डेनियल ने बताया कि इस परियोजना के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को मानसिक रोगों की पहचान और स्क्रीनिंग के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।

‘मेरिट’ टूल के माध्यम से आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सघन स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक लगभग 1 लाख 75 हजार नागरिकों की मानसिक स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है।

इन समस्याओं में मिल रही है सहायता

अत्यधिक तनाव, घबराहट या बेचैनी लंबे समय तक उदासी या अवसाद नींद से जुड़ी समस्याएं पढ़ाई का तनाव या पारिवारिक कलह नशे की लत से मुक्ति हेतु मार्गदर्शन

समय पर परामर्श है जरूरी

विशेषज्ञों का कहना है कि तीव्र तनाव या नकारात्मक विचार अल्पकालिक हो सकते हैं, लेकिन समय पर सहायता न मिलने पर स्थिति गंभीर हो सकती है। ऐसे में मानसिक परेशानी या आत्मघाती विचार आने पर तुरंत सहायता लेना आवश्यक है।

जिला चिकित्सालय ने नागरिकों से अपील की है कि मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्व दें। यदि स्वयं या आसपास कोई व्यक्ति तनाव, अवसाद या व्यवहार में बदलाव महसूस कर रहा हो, तो झिझकें नहीं-एक कॉल या नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर में संपर्क कर विशेषज्ञों की सलाह अवश्य लें।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena