Skip to content

महिला आरक्षक से अमानवीय व्यवहार व लूटपाट: तमनार कांड में 2 और गिरफ्तार, कुल 9 आरोपी जेल

रायगढ़ । रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में महिला पुलिसकर्मी के साथ हुई मारपीट, बदसलूकी और लूटपाट के गंभीर मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसके साथ ही अब तक कुल 9 आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। यह संवेदनशील घटना सीएचपी चौक, लिबरा में चल रहे धरना-प्रदर्शन के दौरान घटी, जहां उग्र भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षक के साथ न केवल अभद्रता और हिंसा की, बल्कि अमानवीय व्यवहार करते हुए लूटपाट भी की और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे मामला और अधिक गंभीर हो गया। पुलिस ने इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित IT act 67 (A)के तहत अपराध दर्ज कर विस्तृत विवेचना शुरू की, जिसमें पहले ही सात आरोपियों मंगल राठिया, चिनेश खमारी, प्रेमसिंह राठिया, कीर्ति श्रीवास, वनमाली राठिया, कन्हैया राठिया और चित्रसेन साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था। ताजा कार्रवाई में संजय मेहर (ग्राम बिजना) और माधव गुप्ता उर्फ माधो बीसी (ग्राम नागरामुडा) को गिरफ्तार किया गया, जिनमें संजय मेहर ने अपने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाया था और उसे अपने साथी माधव गुप्ता को भेजा, जिसने उसे विभिन्न व्हाट्सएप समूहों में वायरल कर दिया; पुलिस ने दोनों आरोपियों से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि यह पूरा विवाद गारे-पेलमा सेक्टर-1 कोयला खदान के विरोध में 12 दिसंबर 2025 से जारी ग्रामीणों के आंदोलन की पृष्ठभूमि में सामने आया, जहां 27 दिसंबर को प्रशासन द्वारा मार्ग बहाल कराने के प्रयास के दौरान भीड़ उग्र हो गई और पुलिस बल पर हमला कर दिया, जिसमें कई जवान घायल हुए तथा इसी दौरान महिला पुलिसकर्मी के साथ यह निंदनीय कृत्य हुआ। पूरे मामले की निगरानी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की जा रही है, जिन्होंने सख्त संदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी आरोपी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena