Skip to content

महंगाई पर कांग्रेस का प्रदर्शन: गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने पर पीएम और सीएम का फूंका पुतला

कांग्रेस का आरोप-महंगाई से जनता त्रस्त, गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर सरकार ने आम लोगों पर डाला अतिरिक्त बोझ गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का विरोध

रायगढ़। घरेलू और व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर रायगढ़ में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण और शहर इकाई द्वारा प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इसके बाद शहर के स्टेशन चौक स्थित बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया गया।

नगेंद्र नेगी और शाखा यादव के नेतृत्व में हुआ कार्यक्रम

प्रदर्शन और प्रेसवार्ता का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी और शहर अध्यक्ष शाखा यादव ने किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है और सरकार जनता को राहत देने के बजाय रोजमर्रा की जरूरतों की चीजों के दाम बढ़ा रही है।

कांग्रेस का आरोप-महंगाई से परेशान है देश की जनता

प्रेसवार्ता के दौरान शाखा यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार लगातार महंगाई बढ़ाकर देश की जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है। उनका कहना था कि पहले से ही खाद्य पदार्थ, पेट्रोल-डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़े हुए हैं, ऐसे में गैस सिलेंडर की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी ने गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को और मुश्किल में डाल दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और अन्य देशों के बीच चल रहे युद्ध का हवाला देकर तेल और गैस की आपूर्ति कम होने का बहाना बनाया जा रहा है। इसी आधार पर केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और व्यवसायिक गैस सिलेंडर की कीमत में 115 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है, जिससे आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ा है।

सरकार ने अपने वादों से किया धोखा: कांग्रेस

ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष नगेंद्र नेगी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार अपने घोषणापत्र में किए गए वादों से पीछे हट रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों, बेरोजगार युवाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों से किए गए कई वादे अभी तक पूरे नहीं हुए हैं। कांग्रेस ने इन नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि जनता अब सरकार की नीतियों से निराश हो चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब जरूर देगी।

पुतला दहन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी

स्टेशन चौक पर पुतला दहन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात था। पुतला दहन को रोकने की कोशिश में पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई, हालांकि अंततः कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व विधायक प्रकाश नायक, अरुण गुप्ता, हरेराम तिवारी, उपेंद्र सिंह, मदन महंत, संतोष गुप्ता, विकास ठेठवार, आरिफ हुसैन, वसीम खान, आशीष जायसवाल, रानी चौहान, बरखा सिंह, रिंकी पांडेय, आशीष शर्मा, सत्यप्रकाश शर्मा, रवि पांडेय, रितेश शर्मा, अभिषेक शर्मा, कौशिक भौमिक, आशीष चौबे, दयाराम धुर्वे, नजीर अहमद, मिर्जा अहमद बेग, दीपक बी., तरुण गोयल, राजू चौहान, विकास बोहिदार, श्रेयांश शर्मा, सजन श्रीवास, सुमीत मिरी, संजय चौहान, प्रताप सिंह, जयप्रकाश साहू, गुलशन साहू, देव साहू, पदमा चौहान, कृतिका मेहर, किशन चौहान, संतोष चौहान, अनवर हुसैन, शारदा सिंह गहलोत, मिंटू मसीद, संयुक्ता सिंह, यशोदा कश्यप, मिलन मिश्रा, विजय जायसवाल, आकाश समुद्रे, विनोद कपूर और श्याम महंत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri