Skip to content

मध्य प्रदेश में चार दिन तक आंधी-बारिश का अलर्ट, दक्षिण-पूर्वी जिलों में ज्यादा असर

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम ने फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में अगले चार दिन तक तेज हवा और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। शुक्रवार को कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि राजधानी भोपाल में दिनभर बादल छाए रहे और रात में हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने 23 और 24 फरवरी को नए मौसमी तंत्र के सक्रिय होने से दक्षिण-पूर्वी जिलों में ज्यादा असर की संभावना जताई है।

20 से अधिक जिलों में वर्षा, कुछ जगह ओले

पिछले 24 घंटों में रतलाम, मंदसौर, धार, इंदौर, रायसेन, उज्जैन, सागर और छतरपुर समेत 20 से अधिक जिलों में बारिश हुई। कुछ स्थानों पर आंधी के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। लगातार बदलते मौसम के कारण दिन के तापमान में गिरावट आई है और ठंडी हवाओं से ठिठुरन बढ़ी है।

फसलों को नुकसान, प्रशासन ने शुरू किया सर्वे

तेज हवाओं ने रतलाम, शाजापुर और उज्जैन में गेहूं की खड़ी फसल को झुका दिया है। खेतों में फसल गिरने से दानों की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। अनुमान है कि पिछले तीन दिनों में करीब 25 जिलों में फसलों को नुकसान पहुंचा है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सर्वे शुरू कर दिया है और राजस्व अमला गांव-गांव जाकर नुकसान का आकलन कर रहा है।

आज इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में बारिश हो सकती है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में बादल छाए रहने के आसार हैं।

23-24 फरवरी को फिर बदलेगा मौसम

22 फरवरी को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ 23 फरवरी से प्रदेश में असर दिखा सकता है। 23 फरवरी को नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में वर्षा की संभावना है। 24 फरवरी को सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी और मंडला में बारिश के आसार हैं।

फरवरी में चौथी बार मौसम बदला

इस महीने की शुरुआत से अब तक तीन बार आंधी-बारिश और ओलों का दौर आ चुका है। 18 फरवरी से फिर मौसम बिगड़ा और अब चौथी बार बारिश के संकेत मिल रहे हैं।

दिन में ठंडक, रात में हल्की राहत

बारिश और बादलों के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है। बड़े शहरों में रात का पारा 14 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा, जबकि अन्य जिलों में यह 12 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।

अगले चार दिन मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। किसान फसलों को लेकर चिंतित हैं, वहीं प्रशासन राहत और मुआवजे की तैयारी में जुटा है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena