Skip to content

मक्का की आड़ में चल रही थी अफीम की अवैध खेती, पुलिस ने 5 एकड़ खेत में की बड़ी कार्रवाई

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मक्का की खेती की आड़ में की जा रही अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि खेत के मालिक से भी पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि करीब 4 से 5 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये में आंकी जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में मक्का की फसल के बीच अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणिशंकर चंद्रा के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत में छापेमारी की।

छापे के दौरान पुलिस टीम उस समय हैरान रह गई जब मक्का की फसल के बीच अफीम के पौधों की बड़े पैमाने पर खेती पाई गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि करीब 4 से 5 एकड़ जमीन में यह अवैध खेती की जा रही थी।

फोरेंसिक टीम ने लिए नमूने

मामले की पुष्टि के लिए पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने अफीम के पौधों के नमूने लेकर जांच के लिए सुरक्षित किया है। पुलिस ने खेत से बड़ी मात्रा में अफीम के पौधों को जब्त कर लिया है।

दुर्ग जिले में पहली बार सामने आया मामला

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुर्ग जिले में अफीम की अवैध खेती का यह पहला मामला सामने आया है। इतनी बड़ी मात्रा में अफीम की खेती मिलने से पुलिस और प्रशासन भी सतर्क हो गया है। जब्त की गई अफीम की अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।

खेत मालिक से भी पूछताछ

पुलिस के अनुसार जिस जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी, वह जमीन विनायक ताम्रकार की बताई जा रही है। पुलिस ने उनसे भी पूछताछ की है। वहीं गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने यह जमीन अधिया (बटाई) पर लेकर खेती की थी।

नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध खेती के पीछे किसका नेटवर्क काम कर रहा था और अफीम की फसल को कहां सप्लाई किया जाना था। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri