Skip to content

भोपाल में दुष्कर्म व धर्म परिवर्तन के दबाव का सनसनीखेज आरोप, मुंगेली की 30 वर्षीय ब्यूटीशियन ने दर्ज कराई FIR

छत्तीसगढ़ मुंगेली की 30 वर्षीय ब्यूटीशियन ने भोपाल में तीन लोगों के खिलाफ दुष्कर्म और एक महिला पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत बागसेवनिया थाना में दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

31 दिसंबर की पार्टी से शुरू हुआ सिलसिला

पीड़िता के अनुसार, 31 दिसंबर 2024 को शाहपुरा स्थित एक होटल में दोस्त की बर्थडे पार्टी के दौरान उसकी मुलाकात एक युवती से हुई। कुछ समय बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और जनवरी 2025 में वे बागसेवनिया क्षेत्र में रहने वाली अमरीन उर्फ माहिरा के पास शिफ्ट हो गईं।

पीड़िता का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि उसकी सहेली ने अमरीन के कहने पर धर्म परिवर्तन कर उसके भाई से शादी कर ली।

धमकी देकर दुष्कर्म का आरोप

एफआईआर में दर्ज शिकायत के मुताबिक, अगस्त 2025 में अमरीन का करीबी चंदन यादव उसे बहन से मिलाने के बहाने ले गया। वहां धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। बदनाम करने की धमकी देकर उसे चुप रहने को कहा गया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद अलग-अलग समय पर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

‘छोटे कपड़े पहनाकर पब-लाउंज ले जाने’ का आरोप

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे जबरन छोटे कपड़े पहनाकर शहर के पब-लाउंज में ले जाया जाता था और अनजान लोगों से मेलजोल बढ़ाने का दबाव बनाया जाता था। इसी दौरान उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव भी डाला गया।

नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म का आरोप

नवंबर 2025 में अमरीन उसे गांधी नगर स्थित अब्बास नगर में अपने परिजनों से मिलाने ले गई। पीड़िता का आरोप है कि वहां अमरीन के भाई बिलाल ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया।

अहमदाबाद में भी वारदात का दावा

दिसंबर 2025 में अमरीन उसे निजी काम का हवाला देकर अहमदाबाद ले गई। वहां यासिर नामक युवक से मिलवाया गया, जहां पीड़िता के अनुसार उसके साथ फिर दुष्कर्म हुआ। जनवरी 2026 में वह भोपाल छोड़कर छत्तीसगढ़ में अपने मामा के घर चली गई।

सोशल मीडिया के बाद दर्ज कराई शिकायत

हाल ही में सोशल मीडिया पर बातचीत के दौरान एक अन्य युवती ने भी अमरीन और उसके साथियों पर इसी तरह के आरोप लगाए। इसके बाद पीड़िता दोबारा भोपाल पहुंची और बागसेवनिया थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने दुष्कर्म, आपराधिक धमकी, नशीला पदार्थ देकर अपराध करने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena