Skip to content

भूपदेवपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: कोयला लोड ट्रेलर की चपेट में आई गर्भवती महिला, मौके पर मौत

रायगढ़। जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंघनपुर के समीप शुक्रवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कोयला लोड ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे एक गर्भवती महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके पति और मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उमा राठिया की दर्दनाक मौत

मृतका की पहचान उमा राठिया के रूप में हुई है, जो स्थानीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं। बताया जा रहा है कि उमा अपने पति और बच्चे के साथ स्कूटी से कहीं जा रही थीं, तभी ट्रेलर क्रमांक CG-13-AD-2483 ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि उमा ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

परिवार के दो सदस्य गंभीर रूप से घायल

इस हादसे में उमा के पति और बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

चालक फरार, आक्रोशित ग्रामीणों का चक्काजाम

घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस दर्दनाक हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। ग्रामीणों की मांग है कि मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए तथा क्षेत्र में भारी वाहनों की अनियंत्रित गति पर तत्काल रोक लगाई जाए।

पुलिस मौके पर, तनावपूर्ण स्थिति

सूचना मिलते ही खरसिया एसडीओपी प्रभात पटेल और भूपदेवपुर थाना प्रभारी संजय नाग पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन क्षेत्र में अभी भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

बड़ा सवाल: कब रुकेगी भारी वाहनों की लापरवाही?

यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि आखिर कब तक भारी वाहन चालकों की लापरवाही आम नागरिकों की जान लेती रहेगी? औद्योगिक क्षेत्रों में बिना नियंत्रण दौड़ते ट्रेलर और ट्रकों पर लगाम लगाने में प्रशासन की नाकामी बार-बार उजागर हो रही है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena