Skip to content

भूपदेवपुर पुलिस की बड़ी सफलता: 24 घंटे में चोरी का खुलासा, 3.81 लाख की संपत्ति बरामद

रायगढ़, 2 मार्च। छत्तीसगढ़ पुलिस के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में रायगढ़ पुलिस के थाना भूपदेवपुर की टीम ने ग्राम जबलपुर में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी सहित कुल 3.81 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।

घटना का विवरण

प्रार्थी उदयराम पटैल (51 वर्ष), निवासी ग्राम जबलपुर, ने 28 फरवरी 2026 को थाना भूपदेवपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी को परिवार सहित बिलासपुर जाने के दौरान घर में ताला लगाकर गए थे। 28 फरवरी की रात लगभग 1 बजे लौटने पर घर का पिछला दरवाजा खुला और कमरे का ताला टूटा मिला। अलमारी का लॉक टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था।

जांच में पाया गया कि सोने का हार, झूमका सेट, चांदी की पायल, अंगूठियां, चांदी की मूर्ति एवं नगदी 1,50,000 रुपये अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिए गए थे। रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 30/2026 धारा 305(a), 331(4) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

आरोपी गिरफ्तार, ऑनलाइन गेमिंग बना वजह

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर सूचना एवं साक्ष्यों के आधार पर संदेही जितेन्द्र कुमार डनसेना (28 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ऑनलाइन गेमिंग में भारी रकम हार चुका था और पैसों की आवश्यकता के चलते चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने उसके कब्जे से

सोने का हार एवं झूमका (लगभग 25 ग्राम, कीमत 3,50,000 रुपये) चांदी की पायल, अंगूठी एवं सिक्का (93 ग्राम, कीमत 31,000 रुपये) नगदी 1,030 रुपये

बरामद कर जब्त किया। कुल बरामद संपत्ति की कीमत 3,81,000 रुपये आंकी गई है।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय नाग, एएसआई राजेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक प्रदीप गहलोत, जगदीश नायक एवं आरक्षक प्रदीप तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा-

“रायगढ़ जिले में चोरी, लूट एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संपत्ति संबंधी अपराधों पर पुलिस की सतत निगरानी है और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena